पुणे, 10 जुलाई (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने शुक्रवार को उनकी पार्टी के कांग्रेस में विलय की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि दोनों पक्षों के बीच ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं आया है और दोनों दल सहयोगी के रूप में साथ मिलकर काम करते रहेंगे।
राकांपा (शप) और कांग्रेस महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी (एमवीए) तथा राष्ट्रीय स्तर पर ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दल हैं।
सुले ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘राकांपा (शप) किसी भी विलय की बातचीत में शामिल नहीं है। न तो हमें कांग्रेस की ओर से कोई प्रस्ताव मिला है और न ही हमने विलय को लेकर उन्हें कोई प्रस्ताव दिया है।’
पुणे जिले के बारामती से लोकसभा सांसद सुले ने कहा कि राकांपा (शप) और कांग्रेस के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध हैं तथा दोनों दल राजनीतिक मुद्दों पर नियमित रूप से आपसी समन्वय करते हैं।
उन्होंने कहा, ‘जब भी मैं दिल्ली आती हूं, (कांग्रेस सांसद) प्रियंका गांधी से मिलने का समय लेती हूं और हम महाराष्ट्र के राजनीतिक, सामाजिक तथा आर्थिक घटनाक्रमों पर चर्चा करते हैं।’
सुले ने कहा कि वह महाराष्ट्र से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ भी नियमित रूप से चर्चा करती हैं।
उन्होंने कहा, ‘कई संयुक्त संसदीय समितियों में हम (राकांपा (शप) और कांग्रेस) साथ मिलकर काम कर रहे हैं और विभिन्न मुद्दों पर अक्सर अपना रुख मिलकर तय करते हैं। मैं राहुल गांधी से भी सलाह-मशविरा करती हूं और महाराष्ट्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करती हूं।’
दोनों दलों के बीच घनिष्ठ संबंधों का उल्लेख करते हुए सुले ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी पिछले महीने मुंबई में उनकी बेटी रेवती के उद्योगपति सारंग लखानी के साथ हुए विवाह समारोह में शामिल हुए थे और नवदंपति को आशीर्वाद दिया था।
उन्होंने कहा, ‘सहयोगी दल के रूप में राकांपा (शप) और कांग्रेस पहले भी साथ थे, आज भी साथ हैं और आगे भी साथ रहेंगे।’
सुले के पिता और वरिष्ठ नेता शरद पवार ने 1999 में कांग्रेस से अलग होकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की सह-स्थापना की थी।
जुलाई 2023 में पार्टी में विभाजन हो गया, जब तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना-भाजपा गठबंधन के साथ शामिल हो गए।
अजित पवार के नेतृत्व वाले गुट को पार्टी का नाम और चुनाव चिह्न मिला, जबकि शरद पवार के नेतृत्व वाला गुट राकांपा (शप) के नाम से जाना जाने लगा।
पिछले सप्ताह पीटीआई-भाषा से बातचीत में कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने कांग्रेस से अलग होकर बने क्षेत्रीय दलों के प्रमुखों से मूल पार्टी में वापस लौटने का आग्रह किया था।
पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने कांग्रेस को वैचारिक प्रतिद्वंद्वियों का नए जोश के साथ मुकाबला करने के लिए मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए यह अपील की थी।
भाषा तान्या रंजन
रंजन