नयी दिल्ली, 10 जुलाई (भाषा) बैंक ऑफ महाराष्ट्र (बीओएम) का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही अप्रैल-जून में 27 प्रतिशत बढ़कर 2,020 करोड़ रुपये हो गया। बैंक ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुणे स्थित बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 की इसी तिमाही में 1,593 करोड़ रुपये शुद्ध लाभ अर्जित किया था।
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में बैंक की कुल आय बढ़कर 9,063 करोड़ रुपये हो गई, जो बीते वित्त वर्ष 2025-26 की इसी तिमाही में 7,879 करोड़ रुपये थी।
वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में बैंक की ब्याज से होने वाली आय बढ़कर 8,037 करोड़ रुपये रही, जबकि वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में यह 7,054 करोड़ रुपये थी।
बैंक की परिसंपत्ति गुणवत्ता में भी सुधार दर्ज किया गया। सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में घटकर कुल कर्ज की 1.45 प्रतिशत रह गई, जो इससे पिछले वर्ष 1.74 प्रतिशत थी।
इसी तरह शुद्ध एनपीए भी वित्त वर्ष 2026-27 की जून तिमाही में घटकर 0.13 प्रतिशत रहा, जो वित्त वर्ष 2025-26 की जून तिमाही में 0.18 प्रतिशत था।
भाषा यासिर रमण
रमण