पुणे, आठ जुलाई (भाषा) पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ में बुधवार को भारी बारिश के बाद, कचरे का एक बड़ा ढेर तीन मंजिला इमारत पर गिर गया, जिससे वह ढह गई और कम से कम 16 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना मोशी में हुई, जहां उस इमारत का इस्तेमाल एक निजी कंपनी के प्रशासनिक कार्यालय के तौर पर किया जा रहा था। यह कंपनी नगर निकाय की ओर से उस जगह पर कचरे के प्रसंस्करण का काम कर रही थी।
पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम के आयुक्त विजय सूर्यवंशी ने कहा, “प्रशासनिक इमारत कचरे के पहाड़ जैसे ढेर के बगल में बनी थी। शुरुआती तौर पर ऐसा लगता है कि भारी बारिश की वजह से कचरे का ढेर ढीला हो गया और इमारत पर गिर पड़ा।”
उन्होंने कहा कि निजी कंपनी के करीब 16 कर्मचारियों के इमारत के अंदर होने की आशंका है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, अग्निशमन विभाग और एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंच गई हैं और बचाव अभियान जारी है।
भाषा
प्रशांत अविनाश
अविनाश