नागपुर में विस्फोटक बनाने वाली फैक्टरी में विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत, आठ अन्य घायल

नागपुर में विस्फोटक बनाने वाली फैक्टरी में विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत, आठ अन्य घायल

नागपुर में विस्फोटक बनाने वाली फैक्टरी में विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत, आठ अन्य घायल
Modified Date: September 4, 2025 / 12:05 pm IST
Published Date: September 4, 2025 12:05 pm IST

(फोटो के साथ)

नागपुर, चार सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के नागपुर जिले में विस्फोटक बनाने वाली एक फैक्टरी में बुधवार मध्यरात्रि के बाद हुए विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि विस्फोट में फैक्टरी की इमारत ढह गई।

अधिकारियों ने बताया कि जिले के बाजारगांव स्थित ‘सोलर ग्रुप’ के संयंत्र में देर रात करीब साढ़े 12 बजे विस्फोट हुआ। विस्फोट के कारण पूरी इमारत ढह गई।

अधिकारियों ने बताया कि 25 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कंपनी के वरिष्ठ महाप्रबंधक आशीष कुमार श्रीवास्तव ने ‘पीटीआई-वीडियो’ को बताया कि विस्फोट क्रिस्टलीकरण भवन में रात 12 बजकर 33 मिनट पर हुआ, जहां ऊर्जा वाले पदार्थों का क्रिस्टलीकरण किया जाता है।

विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए। उन्होंने कहा, ‘‘हमने सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।’’ उन्होंने कहा कि विस्फोट का कारण जांच के बाद स्पष्ट होगा।

अधिकारी ने बताया कि विस्फोट से पहले (विस्फोट के) संकेत मिले थे, जिसके बाद वहां मौजूद लोग खुद ही संयंत्र से चले गए।

उन्होंने बताया कि विस्फोट के बाद ‘कूलिंग सिस्टम’ (शीतलन प्रणाली) अपने आप चालू हो गया और निकासी व इमारत की सफाई जैसी सभी आपातकालीन प्रक्रियाएं ठीक से की गईं। उन्होंने यह भी बताया कि पूरी फैक्टरी में सुरक्षा उपाय लागू कर दिए गए थे।

अधिकारी ने कहा, ‘‘हमारे वरिष्ठ अधिकारी और निदेशक समय पर घटनास्थल पर पहुंच गए और पुलिस के साथ सभी टीम ने समय पर प्रतिक्रिया दी।’’ उन्होंने बताया कि विस्फोट में पूरी इमारत ढह गई।

अधिकारी ने बताया कि घायलों के इलाज का खर्च कंपनी वहन करेगी और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के नेता और राज्य के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख ने अस्पताल में घायलों से मुलाकात की।

भाषा सुरभि मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में