पालघर : लोगों ने दरवाजे पर लेटाकर गर्भवती महिला को बारिश के बीच अस्पताल पहुंचाया

पालघर : लोगों ने दरवाजे पर लेटाकर गर्भवती महिला को बारिश के बीच अस्पताल पहुंचाया

पालघर : लोगों ने दरवाजे पर लेटाकर गर्भवती महिला को बारिश के बीच अस्पताल पहुंचाया
Modified Date: July 8, 2026 / 12:39 pm IST
Published Date: July 8, 2026 12:39 pm IST

पालघर, आठ जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले के एक बाढ़ प्रभावित गांव में स्थानीय लोगों ने घर के दरवाजे को ही स्ट्रेचर की तरह इस्तेमाल कर प्रसव पीड़ा से गुजर रही एक गर्भवती महिला को समय रहते अस्पताल पहुंचाया।

सफाले ग्रामीण अस्पताल के एक पदाधिकारी ने बुधवार को बताया कि महिला ने अस्पताल में बेटे को जन्म दिया और जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।

सोशल मीडिया पर महिला को बाढ़ के पानी के बीच से अस्पताल ले जाते हुए लोगों का एक वीडियो प्रसारित हुआ है।

अधिकारियों के मुताबिक केल्वे रोड के पास मायखोप इलाके के हनुमानपाडा निवासी प्रियंका रवि यादव को मंगलवार को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। उन्होंने बताया कि भारी बारिश के बाद घर के बाहर की सड़कें पानी में डूबी हुई थीं और गांव का संपर्क कट गया था, इसलिए एम्बुलेंस का वहां पहुंचना नामुमकिन था।

अधिकारियों ने बताया कि इन हालात को देख यादव का परिवार घबरा गया, तभी स्थानीय आशा (मान्यता प्राप्त सामाजिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता) कार्यकर्ता दिव्या घरत और सामाजिक कार्यकर्ता चेतन गावड़ उनके घर पहुंचे और तत्काल स्थानीय लोगों की एक छोटी टीम को सक्रिय किया।

मौके पर तुरंत फैसला लेते हुए, उन्होंने पास के घर से चौखट में से लकड़ी का दरवाजा निकाला, प्रियंका को उस पर लिटाया और उसे अपने कंधों पर उठाकर बाढ़ के पानी में उतर गए।

घरत ने बताया कि टीम ने सीने तक गहरे पानी में स्ट्रेचर को सावधानी से संभालते हुए और पूरे हौसले के साथ रास्ता तय किया और बाढ़ वाले इलाके को पार करके प्रियंका को सुरक्षित सफाले ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया।

उन्होंने बताया कि अस्पताल में महिला ने चिकित्सकों की देखरेख में बच्चे को जन्म दिया।

घरत ने बताया, ‘‘स्थिति बहुत भयावह थी और पानी तेजी से बढ़ रहा था। हमें पता था कि बैठकर तमाशा देखने का समय नहीं है। सड़कें डूब चुकी थीं, इसलिए हमने जो कुछ भी मिला – जैसे घर का दरवाज़ा – उसका इस्तेमाल किया और जितनी तेजी से हो सका, पानी के बीच से आगे बढ़े।’’

अस्पताल की चिकित्सा अधिकारी डॉ. शुभांगी सानप ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।

भाषा धीरज नरेश

नरेश


लेखक के बारे में