पवार ने किसी भी संगठन के साथ राकांपा (शप) के विलय से इनकार किया
पवार ने किसी भी संगठन के साथ राकांपा (शप) के विलय से इनकार किया
मुंबई, 28 सितंबर (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी सत्ता के लिए किसी अन्य संगठन के साथ विलय नहीं करेगी और जोर देकर कहा कि अब ध्यान संगठन को मजबूत करने पर रहेगा।
यहां पार्टी कार्यकर्ताओं की एक सभा को संबोधित करते हुए विपक्ष के वरिष्ठ नेता ने कहा कि ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि राकांपा (शरद पवार) ‘‘सत्ता में बैठे लोगों’’ के साथ जा सकती है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) महा विकास आघाड़ी का हिस्सा है, जिसमें उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) और कांग्रेस भी शामिल हैं।
पवार ने किसी पार्टी का नाम लिए बिना कहा, ‘‘हम कहीं नहीं जा रहे हैं। अगर आप चाहें तो हमारे साथ आइए। हमने अपने संगठन को मजबूत करने का फैसला किया है।’’
राकांपा (शप) की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने बाद में संवाददाताओं से कहा कि पवार ने पार्टी का रुख स्पष्ट कर दिया है।
शिंदे ने कहा कि पवार ने स्पष्ट किया है कि एकीकरण तभी हो सकता है, जब दूसरा गुट (महायुति सरकार का हिस्सा) राकांपा (शरदचंद्र पवार) में विलय करे।
भाषा तान्या नरेश
नरेश

Facebook


