मुंबई में नाले के मैनहोल में गिरे दो मजदूर; एक की मौत, दूसरे की हालत नाजुक

मुंबई में नाले के मैनहोल में गिरे दो मजदूर; एक की मौत, दूसरे की हालत नाजुक

मुंबई में नाले के मैनहोल में गिरे दो मजदूर; एक की मौत, दूसरे की हालत नाजुक
Modified Date: September 28, 2026 / 04:10 pm IST
Published Date: September 28, 2026 4:10 pm IST

मुंबई, 28 सितंबर (भाषा) मुंबई के सांताक्रूज (पूर्व) में सोमवार को एक आवासीय सोसाइटी द्वारा नाले की सफाई के लिए बुलाए गए दो मजदूर मैनहोल में गिर गए और इस घटना में उनमें से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत नाजुक है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, यह घटना सांताक्रूज (पूर्व) में वी एन देसाई अस्पताल के सामने स्थित गोलीबार रोड नंबर 8 पर ‘भव्य निकेतन’ आवासीय सोसाइटी में हुई।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अग्निशमन दल ने बताया कि सोसाइटी ने अपने भूमिगत नाले की सफाई के लिए दो मजदूरों को काम पर रखा था।

सफाई के काम के दौरान, इनमें से एक मजदूर ने बीएमसी अधिकारियों को कथित तौर पर सूचित किए बिना नाले के मैनहोल का ढक्कन हटा दिया, जिसके बाद दोनों मजदूर उसमें गिर गए।

अग्निशमन दल के कर्मियों ने दोनों मजदूरों को बाहर निकाला और तुरंत वी एन देसाई अस्पताल पहुंचाया।

अधिकारियों ने बताया कि चिकित्सकों ने उनमें से एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे मजदूर को इलाज के लिए अस्पताल के मेडिकल गहन चिकित्सा इकाई (एमआईसीयू) में भर्ती कराया गया है।

दोनों मजदूरों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एम्बुलेंस और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचे। यह हादसा मुंबई के उपनगरीय इलाके में एक सार्वजनिक शौचालय के भीतर कथित तौर पर जहरीली रासायनिक गैस के कारण दो लोगों की दम घुटने से हुई मौत के एक दिन बाद हुआ।

भाषा सुमित सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में