मुंबई, 13 जुलाई (भाषा) शिवसेना (उबाठा) के नेता संजय राउत ने सोमवार को शरद पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) के पाला बदलने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि वरिष्ठ नेता विपक्षी गठबंधन छोड़ने के बारे में कभी नहीं सोचेंगे।
राउत ने पत्रकारों से कहा कि पवार दिन-ब-दिन ‘निष्पक्ष’ होते जा रहे हैं और सभी को साथ लेकर चलने की कोशिश कर रहे हैं।
हाल में पवार ने महायुति सरकार द्वारा कृषि ऋण माफ़ी के नियमों में दी गई ढील का स्वागत किया और पिछले हफ़्ते विधान भवन परिसर में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के कार्यालय में अपनी पार्टी के विधायकों से मुलाक़ात की। इससे महा विकास आघाडी (एमवीए) में उनकी सहयोगी पार्टी शिवसेना (उबाठा) असहज हो गई।
तब राउत ने कहा था कि शिंदे के कार्यालय में पवार की बैठक से उनकी पार्टी परेशान और आहत है।
उन्होंने कहा था कि ऐसी हरकतें पवार जैसे वरिष्ठ नेता की विश्वसनीयता कम करती हैं और यह ‘गद्दारों का महिमामंडन’ माना जाएगा।
जब सोमवार को राज्यसभा सदस्य राउत से किसान कर्ज माफी पर सरकार के फैसले का स्वागत करने वाले पवार के बयान के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, ‘‘शरद पवार दिन-ब-दिन निष्पक्ष होते जा रहे हैं। वह सभी के हैं। वह तटस्थ हो गए हैं और हमारे मार्गदर्शक हैं। वह सभी को साथ लेकर चल रहे हैं।’’
जब उनसे इन अटकलों के बारे में पूछा गया कि एमवीए के शिल्पियों में एक पवार भाजपा नीत सत्तारूढ़ महायुति में जा सकते हैं तो राउत ने कहा कि वह अपने सहयोगियों का साथ छोड़ने के बारे में नहीं सोचेंगे।
भाषा
राजकुमार वैभव
वैभव