मुंबई, आठ मई (भाषा) बृह्नमुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने शुक्रवार को कहा कि इस महीने के अंत में बकरीद के दौरान शहर भर में 109 निर्धारित स्थानों पर कुर्बानी (त्योहार पर पशु वध) की अनुमति दी गई है।
अतिरिक्त निगम आयुक्त अश्विनी जोशी की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के बाद बीएमसी द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि नागरिक 28 से 30 मई के बीच ‘मायबीएमसी’ मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से बकरीद के अवसर पर इन 109 निर्दिष्ट स्थानों या अन्य स्थानों पर पशु वध के लिए अनुमति मांग सकते हैं।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि बीएमसी ने संभवत: 28 मई को मनाए जाने वाले बकरीद के उपलक्ष्य में सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवा और भीड़ प्रबंधन से संबंधित तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इसमें कहा गया है कि त्योहार की अवधि के दौरान शिकायतों और आपात स्थितियों से निपटने के लिए समर्पित हेल्पलाइन नंबर के साथ एक नियंत्रण कक्ष चौबीसों घंटे कार्यरत रहेगा।
भाषा
शफीक माधव
माधव