पंजाबी गानों पर श्रेया की टिप्पणी को लेकर रैपर किंग ने दी प्रतिक्रया, गानों को व्यक्तिपरक बताया

Ads

पंजाबी गानों पर श्रेया की टिप्पणी को लेकर रैपर किंग ने दी प्रतिक्रया, गानों को व्यक्तिपरक बताया

  •  
  • Publish Date - May 8, 2026 / 06:39 PM IST,
    Updated On - May 8, 2026 / 06:39 PM IST

मुंबई, आठ मई (भाषा) गायिका श्रेया घोषाल की उस टिप्पणी ने सोशल मीडिया पर एक नयी बहस छेड़ दी है, जिसमें उन्होंने कहा था कि कई पंजाबी गाने अक्सर ‘बंगला, कार और महिला’ जैसे विषयों के इर्द-गिर्द घूमते हैं। हालांकि, लोकप्रिय रैपर किंग ने खुद को इस विवाद से दूर रखते हुए कहा कि वह घोषाल के प्रशंसक हैं और इस बहस में नहीं पड़ना चाहते।

श्रेया ने एक पॉडकास्ट के दौरान यह टिप्पणी की थी जिसे लेकर संगीत जगत और सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं हैं।

किंग ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, “मैंने श्रेया मैम के साथ काम किया है और मैं उनके गाने सुनते हुए बड़ा हुआ हूं। मैं गानों को उनके नजरिए से नहीं सुनता, इसलिए मैं यह नहीं कह सकता कि मैं उनकी बात से सहमत हूं या नहीं।”

रैपर किंग ‘गुमशुदा’, ‘तू आके देख ले’, ‘ओप्स’ और ‘मान मेरी जान’ जैसे गानों के लिए मशहूर हैं।

किंग ने कहा, “वह श्रेया घोषाल हैं, इसलिए मैं अपनी राय नहीं दूंगा। उन्हें जो सही लगता है, वही ठीक है। मैं उनका प्रशंसक हूं और किसी और के गानों को इस तरह नहीं आंक सकता। मैं केवल अपने गानों का आकलन कर सकता हूं।”

किंग ने संगीत को व्यक्तिपरक बताते हुए कहा, “गाने व्यक्तिपरक चीजें हैं। आप सुनते हैं और कुछ गाने आप का पसंद आते है। कुछ गानों को लेकर आप दुविधा में होते हैं जबकि कुछ गानों को आप सिर्फ उनके अहसास की वजह से सुनते हैं। कुछ चीजें समझ में नहीं आती, कुछ चीजें गहरी होती हैं और कभी कभी आपको लगता है कि कुछ सही नहीं हैं।”

भाषा प्रचेता माधव

माधव