ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ 20 मई को 15 लाख से अधिक केमिस्ट करेंगे हड़ताल

Ads

ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ 20 मई को 15 लाख से अधिक केमिस्ट करेंगे हड़ताल

  •  
  • Publish Date - May 18, 2026 / 08:19 PM IST,
    Updated On - May 18, 2026 / 08:19 PM IST

ठाणे, 18 मई (भाषा) दवाओं की अवैध ऑनलाइन बिक्री और कॉर्पोरेट कंपनियों से मिल रही कड़ी चुनौती के विरोध में देश भर के 15 लाख से अधिक दवा विक्रेता (केमिस्ट और ड्रगिस्ट) 20 मई को अपनी दुकानें बंद रखेंगे। ‘ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स’ (एआईओसीडी) ने सोमवार को यह जानकारी दी।

ठाणे में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए एआईओसीडी के अध्यक्ष और पूर्व विधान पार्षद जगन्नाथ शिंदे ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान जारी की गई उन अधिसूचनाओं को वापस लेने की मांग को लेकर इस राष्ट्रव्यापी बंद का आह्वान किया गया है, जिनके कारण कथित तौर पर ऑनलाइन दवा बिक्री का दुरुपयोग बढ़ा है।

उन्होंने स्पष्ट किया, ‘बंद के दौरान अस्पतालों से जुड़ी दवा की दुकानें खुली रहेंगी और आपातकालीन दवा सेवाएं बाधित नहीं होने दी जाएंगी।’

शिंदे ने कहा कि ऑनलाइन बिक्री के कारण बाजार में चिकित्सक के पर्चे के बिना ही फर्जी दवाएं, एंटीबायोटिक और प्रतिबंधित/विशेष दवाएं धड़ल्ले से बिक रही हैं, जो सार्वजनिक स्वास्थ्य, विशेषकर युवाओं के लिए एक गंभीर खतरा बन गया है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘दवाओं की ऑनलाइन बिक्री देश के लिए खतरनाक हो गई है और इस पर प्राथमिकता के आधार पर रोक लगाने की जरूरत है। इसके अलावा, ऑनलाइन कंपनियों द्वारा दी जाने वाली भारी छूट छोटे और खुदरा दवा विक्रेताओं के लिए काल साबित हो रही है।’

शिंदे ने ध्यान दिलाया कि केंद्र सरकार ने कोरोना वायरस महामारी के दौरान दवाओं की आपूर्ति सीधे मरीजों के घर तक सुनिश्चित करने के लिए विशेष छूट दी थी, लेकिन महामारी खत्म होने के कई साल बाद भी उन प्रावधानों को जारी रखा गया है।

उन्होंने कहा कि ऑनलाइन कंपनियां इस ढील का फायदा उठा रही हैं और 20 से 50 प्रतिशत तक की भारी छूट देकर छोटे और खुदरा दवा विक्रेताओं का धंधा खराब कर रही हैं।

इस संवाददाता सम्मेलन में ठाणे केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष विलास जोशी और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

भाषा सुमित नरेश

नरेश