मुंबई, 17 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बातचीत के लिए मुंबई पहुंचे।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उप मुख्यमंत्रियों एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
मैक्रों के साथ बैठक के लिए प्रधानमंत्री हवाई अड्डे से दक्षिण मुंबई स्थित लोक भवन (पहले राजभवन) पहुंचे। गवर्नर आचार्य देवव्रत ने उनका स्वागत किया।
दोनों नेता भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे। उनकी बातचीत रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने तथा उन्हें नए और उभरते क्षेत्रों में बढ़ाने पर केंद्रित होगी।
मोदी और मैक्रों क्षेत्रीय तथा वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।
राष्ट्रपति मैक्रों भारत की मेजबानी में आयोजित इम्पैक्ट समिट में भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के बुलावे पर 17 से 19 फरवरी तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। मुंबई में वह मोदी के साथ द्विपक्षीय शिखरवार्ता में भाग लेंगे।
भाषा वैभव पवनेश
पवनेश