प्रधानमंत्री मोदी ने पुणे के आयुष अस्पताल का उद्घाटन किया

Ads

प्रधानमंत्री मोदी ने पुणे के आयुष अस्पताल का उद्घाटन किया

  •  
  • Publish Date - February 25, 2024 / 10:46 PM IST,
    Updated On - February 25, 2024 / 10:46 PM IST

पुणे/गुवाहाटी, 25 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से महाराष्ट्र के पुणे में स्थित 30 बिस्तरों वाले आयुष अस्पताल का उद्घाटन किया।

प्रधानमंत्री ने गुजरात के राजकोट से ऑनलाइन माध्यम से असम स्थित एक सूक्ष्म जीव विज्ञान प्रयोगशाला का भी उद्घाटन किया।

मोदी ने पुणे के औंध में आयुष अस्पताल के अलावा 100 बिस्तरों वाली गहन चिकित्सा इकाई का भी उद्घाटन किया।

अधिकारियों ने कहा कि आठ करोड़ रुपये की लागत से बना अस्पताल राष्ट्रीय आयुष अभियान के तहत बनाया गया है और इसकी सुविधाओं में एक योग कक्ष भी शामिल है।

उन्होंने बताया कि 40 करोड़ रुपये की लागत से जिला अस्पताल में 100 बिस्तरों वाली गहन चिकित्सा इकाई स्थापित की गई है।

वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने असम में एक सूक्ष्म जीव विज्ञान प्रयोगशाला और 17 ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स’ (एफएसडब्ल्यू) वाहनों की भी शुरुआत की।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि पूरे असम में खाद्य परीक्षण बुनियादी ढांचे को बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम के तहत भारतीय खाद्य सुरक्षा मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) द्वारा गुवाहाटी में प्रयोगशाला स्थापित की गई है।

वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने झारखंड में लगभग 177 करोड़ रुपये की विभिन्न स्वास्थ्य परियोजनाओं की भी आधारशिला रखी।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि पीएम-आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के तहत इन परियोजनाओं में दो नर्सिंग कॉलेज, चार गहन चिकित्सा ब्लॉक (सीसीबी) और तीन ब्लॉक सार्वजनिक स्वास्थ्य इकाइयां (बीपीएचयू) शामिल हैं।

इसमें कहा गया कि कोडरमा मेडिकल कॉलेज और दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज में 25-25 करोड़ रुपये की लागत से नर्सिंग कॉलेज का निर्माण किया जाएगा।

इसी तरह, कुल 125.46 करोड़ रुपये की लागत से चार अलग-अलग जिलों में सीसीबी स्थापित किए जाएंगे।

भाषा

शफीक दिलीप

दिलीप

ताजा खबर