मुंबई, आठ अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र में जारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत 12 जिलों में मतदाताओं से संबंधित गणना प्रपत्रों (ईएफ) का 100 प्रतिशत वितरण पूरा हो गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय ने शनिवार को यह जानकारी दी।
जिन जिलों में गणना प्रपत्रों का 100 प्रतिशत वितरण पूरा हुआ है, उनमें जलगांव, बुलढाणा, वर्धा, गढ़चिरौली, चंद्रपुर, यवतमाल, हिंगोली, परभणी, अहमदनगर, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और कोल्हापुर शामिल हैं।
एसआईआर के तहत मतदाता गणना का चरण 30 जून को शुरु हुआ था, जो 17 अगस्त तक चलेगा।
सीईओ कार्यालय की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, राज्य में कुल 9,78,54,049 मतदाताओं में से 9,54,77,119 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। यह कुल मतदाताओं का 97.55 प्रतिशत है।
भाषा जोहेब देवेंद्र
देवेंद्र