पोर्श कार दुर्घटना : रक्त नमूनों में हेरफेर की जांच कर रही समिति ने ससून अस्पताल का दौरा किया

पोर्श कार दुर्घटना : रक्त नमूनों में हेरफेर की जांच कर रही समिति ने ससून अस्पताल का दौरा किया

पोर्श कार दुर्घटना : रक्त नमूनों में हेरफेर की जांच कर रही समिति ने ससून अस्पताल का दौरा किया
Modified Date: May 28, 2024 / 05:05 pm IST
Published Date: May 28, 2024 5:05 pm IST

पुणे, 28 मई (भाषा) पुणे में पोर्श कार दुर्घटना में शामिल नाबालिग चालक के रक्त नमूनों को कथित तौर पर बदलने की जांच कर रही तीन सदस्यीय समिति ने मंगलवार को यहां ससून अस्पताल का दौरा किया।

पुलिस ने इस घटना के संबंध में सरकारी अस्पताल के फॉरेंसिक औषधि विभाग के प्रमुख डॉ. अजय तावड़े, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रीहरि हलनोर और स्टाफ सदस्य अतुल घाटकाम्बले को गिरफ्तार किया है।

समिति की अध्यक्षता कर रहीं ग्रांट मेडिकल कॉलेज और जेजे अस्पताल समूह की डीन डॉ. पल्लवी सपाले ने कहा, ‘‘हम दुर्घटना के बाद के घटनाक्रम की जांच करेंगे। नियमों के अनुसार जांच की जाएगी और एक रिपोर्ट सरकार को सौंपी जाएगी।’’

पुणे के कल्याणी नगर में नाबालिग आरोपी ने अपनी पोर्श कार से मोटरसाइकिल सवार दो सॉफ्टवेयर इंजीनियर को कथित तौर पर टक्कर मार दी थी, जिससे उनकी मौत हो गयी थी। पुलिस ने दावा किया कि 17 वर्षीय आरोपी नशे की हालत में कार चला रहा था।

पुलिस ने सोमवार को दावा किया कि किशोर के रक्त के नमूनों को नष्ट किया गया और उसे किसी अन्य व्यक्ति के नमूनों से बदल दिया गया, जिससे शराब का कोई सबूत नहीं मिला। इस संबंध में डॉ. तावड़े तथा दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया।

भाषा

गोला दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में