पोर्श मामला: नमूनों की अदला-बदली की जांच के तहत नाबालिग की मां के रक्त के नमूने लिए गए

पोर्श मामला: नमूनों की अदला-बदली की जांच के तहत नाबालिग की मां के रक्त के नमूने लिए गए

पोर्श मामला: नमूनों की अदला-बदली की जांच के तहत नाबालिग की मां के रक्त के नमूने लिए गए
Modified Date: June 3, 2024 / 11:04 pm IST
Published Date: June 3, 2024 11:04 pm IST

पुणे, तीन जून (भाषा) पुणे में 19 मई को पोर्श कार से हुई दुर्घटना में कथित रूप से शामिल किशोर की मां के रक्त के नमूने डीएनए जांच के वास्ते लिए गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि जांच के जरिए इस बात की पुष्टि की जानी है कि क्या गिरफ्तार की गई महिला के नमूने आरोपी नाबालिग के नमूनों के स्थान पर इस्तेमाल किए गए।

इससे पहले ससून जनरल अस्पताल में आरोपी के नमूने लिए गए थे और इस बात की जांच की जानी थी कि क्या उसने घटना के वक्त शराब पी हुई थी।

यहां कल्याण नगर में 19 मई को तेज रफ्तार पोर्श कार की टक्कर से बाइक सवार दो आईटी पेशेवरों की मौत हो गई थी। कार को कथित रूप से शराब के नशे में नाबालिग चला रहा था।

रक्त के नमूने को बदलने के मामले की जांच के तहत नाबालिग की मां को शनिवार को गिरफ्तार किया गया। इससे पहले पुलिस ने इस सिलसिले में ससून के फोरेंसिक मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ. अजय तावरे और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रीहरि हल्नोर के साथ-साथ एक अन्य कर्मचारी को गिरफ्तार किया था।

अपराध शाखा के अधिकारी ने कहा, ‘हमने आज महिला के नमूने एकत्र किए और उन्हें डीएनए परीक्षण के लिए एफएसएल भेज दिया है।’

इस बीच, एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि वे इस मामले में एक विशेष वकील की नियुक्ति की मांग कर रहे हैं और शीघ्र आरोपपत्र दाखिल करने के लिए सभी प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा,‘‘एक आरोपपत्र किशोर न्याय बोर्ड में नाबालिग के खिलाफ और दूसरा आरोपपत्र नियमित अदालत में माता-पिता और गिरफ्तार डॉक्टरों के खिलाफ दायर किया जाएगा। यह रक्त के नमूने को बदलने और चालक को बंधक बनाने से संबंधित होगा।’’

भाषा नोमान शोभना

शोभना


लेखक के बारे में