पुणे में प्रसव पूर्व लिंग निर्धारण गिरोह का भंडाफोड़, दो लोग गिरफ्तार
पुणे में प्रसव पूर्व लिंग निर्धारण गिरोह का भंडाफोड़, दो लोग गिरफ्तार
पुणे, तीन जून (भाषा) पुलिस ने बुधवार को पुणे जिले की दौंड तहसील में एक आयुर्वेदिक डॉक्टर समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर प्रसव पूर्व लिंग निर्धारण गिरोह का भंडाफोड़ करने का दावा किया।
अधिकारियों ने कहा कि जांचकर्ता अब इस गिरोह के ‘रेफरल’ नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
हैरान करने वाली बात यह है कि मुख्य आरोपी केवल 12वीं कक्षा तक पढ़ा है और वह कथित तौर पर भ्रूण का लिंग निर्धारण करने के लिए एक मोबाइल ऐप से जुड़े चीन निर्मित ‘पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड’ उपकरण का उपयोग करता था।
पुलिस ने कहा कि मुख्य आरोपी की पहचान अन्नासाहेब गिरि (42) के रूप में हुई है, और वह बिना किसी चिकित्सा योग्यता के प्रसव पूर्व लिंग निर्धारण परीक्षण करता था।
यवत थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नारायण देशमुख ने कहा, ‘‘गिरि ने पुलिस को बताया कि वह 2024 से इस अवैध गतिविधि में शामिल था। वह डॉक्टर नहीं है और केवल 12वीं कक्षा तक पढ़ा है। उसने दावा किया कि उसने बी.फार्मेसी में दाखिला लिया था, लेकिन प्रथम वर्ष में फेल होने के बाद उसने पढ़ाई छोड़ दी थी।’’
भाषा
नेत्रपाल माधव
माधव

Facebook


