मुंबई, दो जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने कांग्रेस से अलग होकर बने क्षेत्रीय दलों के प्रमुखों से बृहस्पतिवार को मूल पार्टी में लौटने की अपील की। उन्होंने कहा कि शासन के दो मॉडलों के बीच जारी खींचतान में या तो समानता का विचार जीतेगा या फिर हिंदुत्व का।
चव्हाण ने ‘पीटीआई-वीडियो’ को दिए साक्षात्कार में यह भी कहा कि अयोध्या राम मंदिर के लिए दिए गए दान में कथित हेराफेरी ने करोड़ों लोगों का भरोसा तोड़ा है।
मामले में जांच को महज़ दिखावा बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे कुछ हासिल नहीं होगा, क्योंकि असली आका बिना सज़ा पाए बच निकलेंगे।
हाल में, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत और शिवसेना (उबाठा) के सांसद संजय राउत ने तृणमूल कांग्रेस और राकांपा (शप) समेत क्षेत्रीय दलों के नेताओं से अपील की कि वे भाजपा विरोधी मोर्चा बनाने के लिए अपनी मूल पार्टी कांग्रेस में लौट आएं।
इस बारे में एक सवाल के जवाब में चव्हाण ने कहा, ‘‘मेरा (क्षेत्रीय दलों के नेताओं से) बस यही अनुरोध है कि आप मूल पार्टी – कांग्रेस – में वापस आएं… कांग्रेस की विचारधारा, जिसमें आप भी यकीन रखते हैं। चाहे वह तृणमूल हो, राकांपा हो या कोई भी ऐसी पार्टी जो कांग्रेस से अलग होकर बनी हो।’’
भाषा नेत्रपाल माधव
माधव