मुंबई में सभी मैनहोल का सुरक्षा ऑडिट करेगी बीएमसी: मंत्री

Ads

मुंबई में सभी मैनहोल का सुरक्षा ऑडिट करेगी बीएमसी: मंत्री

  •  
  • Publish Date - July 2, 2026 / 09:11 PM IST,
    Updated On - July 2, 2026 / 09:11 PM IST

मुंबई, दो जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र की एक मंत्री ने विधानसभा में कहा कि मुंबई में महानगरपालिका के निर्माण कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों में गंभीर लापरवाही के कारण बृहस्पतिवार को बारिश के दौरान खुले मैनहोल में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।

उन्होंने कहा कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

शहरी विकास राज्य मंत्री माधुरी मिसाल ने कहा कि महानगरपालिका के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अगले आठ दिन में मुंबई के हर मैनहोल का निरीक्षण करें और उनके आसपास सुरक्षा संबंधी रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

विधानसभा में बयान देते हुए उन्होंने कहा कि चांदीवली इलाके में हुई इस घटना की जांच के लिए अतिरिक्त नगर आयुक्त (पश्चिमी उपनगर) की अध्यक्षता में एक समिति बनाई गई है, जिसे सात दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।

मिसाल ने बताया कि 55 वर्षीय असलम इस्हाक शेख दिन में पहले एक खुले सीवर मैनहोल में गिर गए थे, जिसके बाद दमकल विभाग की मदद से उनका शव दुर्घटनास्थल से लगभग 100 फुट दूर स्थित एक अन्य मैनहोल से बरामद किया गया।

मंत्री ने कहा कि इस घटना ने बुनियादी सुरक्षा उपायों को लागू करने में हुई लापरवाही को उजागर किया है।

उन्होंने कहा कि महानगरपालिका का यह काम मानसून शुरू होने से पहले पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन इसे बारिश शुरू होने के बाद किया गया और वह भी लोगों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए बिना।

उन्होंने विधानसभा को बताया कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

भाषा जोहेब पवनेश

पवनेश