रेलवे से जून तिमाही में 41.91 करोड़ टन माल की ढुलाई, प्रमुख जिंस खंडों में तेजी

Ads

रेलवे से जून तिमाही में 41.91 करोड़ टन माल की ढुलाई, प्रमुख जिंस खंडों में तेजी

  •  
  • Publish Date - July 2, 2026 / 09:18 PM IST,
    Updated On - July 2, 2026 / 09:18 PM IST

नयी दिल्ली, दो जुलाई (भाषा) भारतीय रेलवे ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 41.91 करोड़ टन माल की ढुलाई की, जो पिछले वित्तवर्ष की इसी अवधि के 41.30 करोड़ टन की तुलना में 1.46 प्रतिशत अधिक है।

रेल मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को एक प्रेस नोट में कहा कि अप्रैल-जून तिमाही में कई प्रमुख जिंस खंडों में भी अच्छी बढ़ोतरी देखी गई। पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में लौह अयस्क की ढुलाई में 7.44 प्रतिशत, क्लिंकर में 6.54 प्रतिशत और अन्य सामान में 12.16 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।

जून के दौरान रेलवे ने 14.22 करोड़ टन माल की ढुलाई की जो साल भर पहले के 13.67 करोड़ टन की तुलना में चार प्रतिशत अधिक है।

अधिकारियों ने रेलवे के शानदार प्रदर्शन पर जोर देते हुए कहा कि यह वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के दौरान दर्ज की गई लगातार बढ़ोतरी का ही नतीजा है।

हालांकि, रेल मंत्रालय के प्रेस नोट में यात्रियों की आवाजाही का तिमाही ब्योरा नहीं दिया गया है। गैर-शहरी खंड (कम और लंबी दूरी की यात्रा शामिल) में 3.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यात्रियों की संख्या जून 2025 के 28.90 करोड़ से बढ़कर पिछले महीने 30.04 करोड़ हो गई।

इसके मुताबिक, उप-नगरीय खंड में भी 0.9 प्रतिशत की सकारात्मक बढ़ोतरी दर्ज की गई, और यात्रियों की संख्या 33.46 करोड़ से बढ़कर 33.77 करोड़ हो गई।

यात्री सेवाओं के विस्तार पर मंत्रालय ने कहा कि वंदे भारत ट्रेनों की संख्या बढ़कर 164 हो गई है। इसमें हाल ही में शुरू की गई पश्चिम बंगाल के हावड़ा और असम के कामाख्या के बीच वंदे भारत स्लीपर सेवा भी शामिल है।

इसके अलावा अमृत भारत ट्रेन सेवाओं की संख्या भी बढ़कर 72 तक पहुंच गई है।

भाषा राजेश राजेश प्रेम

प्रेम