अलीगढ़ (उप्र), 17 सितंबर (भाषा) करणी सेना के युवा नेता पर कथित हमले के मामले में वाल्मीकि समुदाय के एक युवक की गिरफ्तारी के विरोध में अलीगढ़ शहर के सफाईकर्मी बृहस्पतिवार को भी हड़ताल पर रहे। आधिकारिक सूत्रों ने इसकी जानकारी दी।
नगरपालिका के सफाईकर्मियों ने कहा कि वे तब तक काम पर वापस नहीं लौटेंगे, जब तक पुलिस करणी सेना के नेता सचिन राघव के खिलाफ जवाबी मामला दर्ज नहीं करती।
राघव कथित तौर पर सोमवार को हुए आरक्षण-विरोधी प्रदर्शन में शामिल था, जहां उस पर वाल्मीकि समुदाय के सदस्यों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप है।
सफाईकर्मियों के अनुसार, भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के पास राघव पर हमले के बाद दर्ज प्राथमिकी और उसके आधार पर हुयी गिरफ्तारी के बाद यह हड़ताल बुधवार रात शुरू हुयी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सर्वम सिंह ने कहा, ‘भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के विभिन्न प्रावधानों के तहत हमले के संबंध में 100 से अधिक अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।’
पुलिस ने बताया कि मामले की आगे जांच की जा रही है।
सफाई कर्मचारियों के विरोध-प्रदर्शन के कारण शहर में सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है।
कर्मचारियों का कहना है कि वे राघव के खिलाफ जवाबी रिपोर्ट दर्ज करने की मांग पूरी होने के बाद ही काम पर लौटेंगे।
भाषा सं जफर रंजन
रंजन