आरबीआई ने वीआरआरआर नीलामी के जरिये जुटाए 2.40 लाख करोड़ रुपये

Ads

आरबीआई ने वीआरआरआर नीलामी के जरिये जुटाए 2.40 लाख करोड़ रुपये

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 01:35 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 01:35 PM IST

मुंबई, 17 सितंबर (भाषा) भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने बैंकिंग क्षेत्र से परिवर्तनीय दर रिवर्स रेपो (वीआरआरआर) नीलामी के जरिये बृहस्पतिवार को 2.40 लाख करोड़ रुपये की नकदी जुटाई।

केंद्रीय बैंक को 2,39,959 करोड़ रुपये की बोलियां मिलीं, जिन्हें उसने 5.24 प्रतिशत की ‘कट-ऑफ’ दर और भारित औसत दर पर पूरी तरह स्वीकार कर लिया।

आरबीआई पिछले महीने से बैंकिंग प्रणाली में अतिरिक्त नकदी को कम करने और एक दिन की मुद्रा बाजार दरों को रेपो दर के अनुरूप करने के लिए विभिन्न वीआरआरआर नीलामियां कर रहा है।

बैंकिंग प्रणाली में 16 सितंबर तक करीब 7.38 लाख करोड़ रुपये की अतिरिक्त नकदी होने का अनुमान है।

वीआरआरआर नीलामी के अलावा, केंद्रीय बैंक ने पिछले सप्ताह सरकारी प्रतिभूतियों की बिक्री के लिए एक लाख करोड़ रुपये की अधिसूचित राशि के तीन चरणों में खुले बाजार परिचालन (ओएमओ) की घोषणा की है।

आरबीआई ने कहा कि पहला चरण 50,000 करोड़ रुपये का होगा, जो 17 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। वहीं 25,000 करोड़ रुपये के दो चरण क्रमशः 21 सितंबर और 28 सितंबर को आयोजित होंगे।

भाषा निहारिका

निहारिका