पुणे बलात्कार-हत्या मामला: पूर्व गृह मंत्री देशमुख का सरकार पर निशाना
पुणे बलात्कार-हत्या मामला: पूर्व गृह मंत्री देशमुख का सरकार पर निशाना
मुंबई, तीन मई (भाषा) महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) नेता अनिल देशमुख ने रविवार को ‘शक्ति अधिनियम’ को तत्काल लागू करने की मांग की।
देशमुख ने पुणे जिले में दो नाबालिग के साथ हुए बलात्कार और हत्या की घटनाओं का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि क्या देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली सरकार में ‘कानून का डर’ है।
यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए देशमुख ने महायुति सरकार और केंद्र पर जघन्य मामलों में मृत्युदंड के प्रावधान वाले कानून के मामले में ‘पल्ला झाड़ने’ का आरोप लगाया।
उन्होंने पुणे की भोर तहसील के नसरापुर में साढ़े तीन साल की बच्ची के साथ हुए बलात्कार और हत्या तथा जिले के चाकन इलाके में एक नाबालिग के साथ हुए इसी तरह के अपराध को ‘बेहद विचलित करने वाला’ बताया।
उन्होंने कहा, ‘यह बेहद दुखद है कि महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर ऐसी शर्मनाक घटना हुई। ये घटनाएं एक गंभीर सवाल खड़ा करती हैं कि क्या राज्य में अब भी कानून का खौफ बाकी है।’
एक मई को नरसापुर में 65 साल के एक व्यक्ति ने कथित रूप से एक बच्ची के साथ बलात्कार कर उसकी हत्या कर दी थी, जिसके बाद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया था और सैकड़ों ग्रामीण स्थानीय पुलिस चौकी पर इकट्ठे होकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।
विरोध प्रदर्शनों के बाद प्रशासन ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मामले की त्वरित सुनवाई का आश्वासन दिया है।
भाषा शुभम रंजन
रंजन

Facebook


