पुणे, आठ मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ‘डबल-डेकर ब्रिज’ कहे जाने जानेवाले पुणे के नये फ्लाईओवर का रविवार को वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया।
पुणे में उद्घाटन समारोह में उपस्थित उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने याद दिलाया कि उनके दिवंगत पति और तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार को पुराने पुल को तोड़ने का आदेश देने के लिए आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नये फ्लाईओवर से लोगों को यातायात संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी।
गणेशखिंड रोड पर स्थित फ्लाईओवर का मुख्यमंत्री फडणवीस ने ‘वीडियो कॉन्फ्रेंस’ के माध्यम से उद्घाटन किया जिसके बाद इसे जनता के लिए खोल दिया गया।
पुणे महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (पीएमआरडीए) द्वारा निर्मित इस संरचना में एक डबल-डेकर डिजाइन है, जिसमें पहले स्तर पर एक रोड फ्लाईओवर और उसके ऊपर एक मेट्रो लाइन का निर्माण किया गया है।
इससे बानेर, पाषाण, शिवाजीनगर और औंध सहित कई क्षेत्रों में यातायात सुचारू होने की उम्मीद है।
उद्घाटन समारोह के दौरान उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल उपस्थित थे।
उपमुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि अजित पवार ने पुराने पुल को तोड़ने का ‘साहसिक निर्णय’ लिया था।
भाषा
शुभम सुभाष
सुभाष