मुंबई, दो अगस्त (भाषा) शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने रविवार को मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर में दान चोरी के महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे के दावे का समर्थन करते हुए आरोप लगाया कि प्रतिष्ठित मंदिर की बागडोर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के करीबी लोगों के हाथों में जाने के बाद से ऐसी घटनाएं बढ़ गई हैं।
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने शनिवार को प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर में हर साल 18 करोड़ रुपये की चोरी होने का दावा करते हुए कहा कि आजकल मंदिर भी सुरक्षित नहीं हैं।
मनसे की छात्र इकाई के एक कार्यक्रम में ठाकरे ने यह दावा भी किया कि अयोध्या के राम मंदिर में 1,400 करोड़ रुपये की चोरी हुई है।
पत्रकारों से बात करते हुए, राउत ने कहा कि ‘‘भाजपा के लोग’’ अयोध्या में राम मंदिर में चढ़ावा गबन में शामिल हैं, जहां बड़े खिलाड़ी बच गए हैं, जबकि छोटे मोहरे गिरफ्तार हो गए हैं।
शिवसेना (उबाठा) के राज्यसभा सदस्य ने आरोप लगाया कि देश के सभी मंदिरों में चोरी हो रही है और वे भाजपा के नियंत्रण में हैं।
राउत ने दावा किया, ‘‘राज ठाकरे द्वारा लगाए गए आरोपों में एक गंभीर सच्चाई है। सिद्धिविनायक मंदिर में दान की चोरी की घटनाएं तब से बढ़ गई हैं, जब से इसकी बागडोर शिंदे के लोगों के हाथों में गई है।’’
वर्ष 2022 में शिंदे द्वारा पार्टी नेतृत्व के खिलाफ बगावत करने पर पाला बदलने वाले 39 विधायकों में शामिल सदा सर्वंकर सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं।
भाषा शफीक दिलीप
दिलीप