मुंबई, 17 फरवरी (भाषा) स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ अपनी कथित अपमानजनक टिप्पणियों के सिलसिले में मंगलवार को राज्य विधान परिषद की विशेषाधिकार समिति के सामने पेश हुए।
हालांकि, समिति के अध्यक्ष प्रसाद लाड ने बताया कि मुख्य शिकायतकर्ता की अनुपस्थिति के कारण सुनवाई 10 मार्च के लिए स्थगित कर दी गई।
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता सुषमा अंधारे भी समिति के समक्ष पेश हुईं।
कामरा और अंधारे ने बाद में संवाददाताओं को बताया कि सुनवाई के दौरान उनके बयान दर्ज नहीं किए गए, क्योंकि मुख्य शिकायतकर्ता भाजपा नेता प्रवीण दारेकर अनुपस्थित थे।
शिवसेना की इस धमकी के बारे में पूछे जाने पर कि उन्हें मुंबई आने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे, कामरा ने कहा कि वह सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
लाड के मुताबिक, “कामरा ने समिति को बताया कि वह अपना बयान दर्ज कराने के लिए तैयार हैं। हालांकि, शिकायतकर्ता की अनुपस्थिति में उनका बयान दर्ज करना उचित नहीं होता। इसलिए यह तय किया गया कि दोनों पक्षों के बयान एक ही दिन दर्ज किए जाएंगे। दारेकर से चर्चा के बाद 10 मार्च को शाम चार बजे सुनवाई करने का फैसला लिया गया।”
अंधारे ने पिछले साल हुई उस घटना का जिक्र किया, जिसमें उस स्टूडियो में तोड़फोड़ की गई थी, जहां कामरा ने अपनी प्रस्तुति के दौरान शिंदे के ऊपर एक पैरोडी गीत गाया था।
शिवसेना (उबाठा) नेता ने कहा, “हम जानना चाहते थे कि हमारे खिलाफ क्या आरोप हैं।”
दारेकर ने शिवसेना प्रमुख शिंदे के खिलाफ “अपमानजनक टिप्पणी” करने के लिए कामरा और अंधारे के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया था। दारेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता हैं, जो महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति की एक घटक है।
अपने सत्ता-विरोधी विचारों के कारण अक्सर विवादों में घिरे रहने वाले कामरा ने पिछले साल एक पैरोडी गीत में शिंदे को निशाना बनाया था और उन्हें परोक्ष रूप से “गद्दार” कहा था। अंधारे ने कामरा का समर्थन किया था।
इस महीने की शुरुआत में कामरा ने मीडिया में आई उन खबरों को “गलत” बताकर खारिज कर दिया था, जिनमें दावा किया गया था कि उन्होंने विशेषाधिकार समिति से स्थगन की मांग की है।
भाषा पारुल अविनाश
अविनाश