आईएस से संबद्ध 34 महिलाओं-बच्चों को वापस नहीं लाएगा ऑस्ट्रेलिया : प्रधानमंत्री अल्बनीज़

Ads

आईएस से संबद्ध 34 महिलाओं-बच्चों को वापस नहीं लाएगा ऑस्ट्रेलिया : प्रधानमंत्री अल्बनीज़

  •  
  • Publish Date - February 17, 2026 / 03:47 PM IST,
    Updated On - February 17, 2026 / 03:47 PM IST

मेलबर्न, 17 फरवरी (एपी) ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार इस्लामिक स्टेट (आईएस) से कथित रूप से संबद्ध 34 महिलाओं और बच्चों को सीरिया से स्वदेश वापस नहीं लाएगी।

कुल 11 परिवारों की इन महिलाओं और बच्चों को सीरिया से ऑस्ट्रेलिया लाया जाना था, लेकिन अधिकारियों के अनुसार प्रक्रियागत समस्याओं के कारण सोमवार को सीरियाई प्राधिकारियों ने उन्हें ‘रोज़ निरूद्ध केंद्र’ (रोज़ डिटेंशन कैंप) से लौटा दिया।

आईएस के 2019 में पतन के बाद से सीरियाई शिविरों से सरकारी मदद से केवल दो समूहों को ही ऑस्ट्रेलिया वापस लाया गया है। कुछ अन्य ऑस्ट्रेलियाई नागरिक बिना सरकारी सहायता के भी लौटे हैं।

प्रधानमंत्री ने इस संबंध में आई रिपोर्ट पर टिप्पणी करने से इनकार किया कि क्या संबंधित महिलाओं और बच्चों के पास ऑस्ट्रेलियाई पासपोर्ट हैं।

अल्बनीज़ ने ‘‘ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन’’ से कहा, “हम कोई सहायता नहीं दे रहे हैं और हम किसी को स्वदेश नहीं ला रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि उन लोगों के प्रति सरकार की “कोई सहानुभूति नहीं” है, जो विदेश जाकर तथाकथित खिलाफत स्थापित करने के प्रयास में शामिल हुए, जिसका उद्देश्य ऑस्ट्रेलिया की जीवनशैली को कमजोर करना था।

आईएस ने एक दशक पहले सीरिया और इराक के बड़े हिस्सों पर कब्जा कर तथाकथित खिलाफत की घोषणा की थी और रक्क़ा को अपनी राजधानी घोषित किया था। उस समय विभिन्न देशों के जिहादी संगठन में शामिल होने के लिए सीरिया पहुंचे थे और कई ने वहीं परिवार बसा लिए।

अल्बनीज़ ने कहा कि यदि संबंधित समूह बिना सरकारी सहायता के ऑस्ट्रेलिया पहुंचता है, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

एपी मनीषा अविनाश

अविनाश