मुंबई, तीन फरवरी (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत संगठन के शताब्दी वर्ष समारोहों के तहत सात और आठ फरवरी को मुंबई में विभिन्न वर्ग के लोगों के साथ विशेष संवाद करेंगे। संघ के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि कला, साहित्य, सिनेमा, खेल, व्यापार, धर्म, राजनीति और मीडिया जगत के लोग वर्ली में नेहरू सेंटर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
आंबेकर ने बताया कि आरएसएस प्रमुख संगठन की 100 वर्ष की यात्रा, विभिन्न मुद्दों पर इसके रुख और भविष्य की योजना से प्रख्यात व्यक्तियों को अवगत कराएंगे।
उन्होंने कहा कि दो दिवसीय कार्यक्रम में संघ के विचारों, हिंदुत्व और भारत के लिए इसके दृष्टिकोण पर भी चर्चा की जाएगी।
आंबेकर ने कहा कि शताब्दी वर्ष के तहत नयी दिल्ली, बेंगलुरु, कोलकाता और मुंबई में भी ऐसे ही कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि आठ फरवरी को भागवत दो सत्रों के दौरान उपस्थित लोगों के सवालों के जवाब भी देंगे।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप