एच-1बी वीजा के लिए दो लाख से अधिक आवेदकों ने चुकाए एक लाख डॉलर : डीएचएस मंत्री मुलिन

Ads

एच-1बी वीजा के लिए दो लाख से अधिक आवेदकों ने चुकाए एक लाख डॉलर : डीएचएस मंत्री मुलिन

  •  
  • Publish Date - June 3, 2026 / 08:25 AM IST,
    Updated On - June 3, 2026 / 08:25 AM IST

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, तीन जून (भाषा) वित्त वर्ष 2026 में अमेरिका में काम करने के वास्ते एच-1बी वीजा के लिए आवेदन करने वाले दो लाख से अधिक लोगों ने एक लाख अमेरिकी डॉलर शुल्क देकर प्राथमिकता के आधार पर अपने आवेदन का निपटारा कराने का विकल्प चुना। अमेरिका के गृह सुरक्षा विभाग (डीएचएस) के मंत्री मार्कवायने मुलिन ने यह जानकारी दी।

सीनेट की विनियोग उपसमिति के समक्ष मंगलवार को मुलिन ने बताया कि वित्त वर्ष 2026 में डीएचएस को लगभग 2.86 लाख एच-1बी वीजा आवेदन प्राप्त हुए हैं।

उन्होंने देश के ग्रामीण हिस्सों में चिकित्सकों की कमी पर अमेरिकी सीनेटर सुसैन कॉलिन्स के सवाल पर कहा, ‘‘इस वर्ष अब तक हमें एच-1बी वीजा के लिए 2.86 लाख आवेदन मिले हैं। इनमें से दो लाख से अधिक आवेदकों ने एक लाख डॉलर का शुल्क अदा किया है, क्योंकि इससे उनके आवेदनों का अपेक्षाकृत तेजी से निपटारा किया जा सकता है।’’

मुलिन ने बताया कि एक लाख डॉलर शुल्क देने वाले आवेदनों का निपटारा लगभग 15 दिन में हो जाता है, जबकि सामान्य आवेदनों का निपटारा करने में करीब साढ़े सात महीने लगते हैं।

अमेरिकी सीनेटर कॉलिन्स ने उपसमिति को बताया कि मेन राज्य के उत्तरी हिस्से के ग्रामीण क्षेत्र प्रेस्क आइल के एक अस्पताल को विदेश से एक अत्यंत आवश्यक सर्जन नियुक्त करने के लिए यह शुल्क चुकाना पड़ा।

उन्होंने कहा कि दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने वाले संस्थानों के साथ वैसा व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए जैसा किसी क्षेत्र में बड़ी संख्या में घरेलू श्रमिक उपलब्ध होने के बावजूद अत्यधिक कुशल पेशेवरों की भर्ती करने वाले नियोक्ताओं के साथ किया जाता है।

कॉलिन्स ने पूछा, ‘‘क्या आप इस बात पर विचार करेंगे कि चिकित्सा पेशेवरों को इस शुल्क से छूट दी जाए, यदि कोई समुदाय यह साबित कर सके कि वहां कोई उपयुक्त चिकित्सक उपलब्ध नहीं है?’’

इस पर मुलिन ने आश्वासन दिया कि वह इस संबंध में संभावित समाधान तलाशेंगे और देखेंगे कि क्या ऐसे मामलों में परिस्थितियों के आधार पर कुछ नरमी बरती जा सकती है।

कॉलिन्स ने कहा, ‘‘कैलिफोर्निया और सिलिकॉन वैली में काम करने के लिए किसी दूसरे देश से कंप्यूटर विशेषज्ञ लाने और उत्तरी मेन के किसी ग्रामीण अस्पताल के लिए अत्यंत आवश्यक सर्जन लाने में बहुत बड़ा अंतर है।’’

वहीं, अलास्का से रिपब्लिकन सीनेटर लीसा मुर्कोव्स्की ने अपने राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाया।

उन्होंने मुलिन से कहा, ‘‘मैं एच-1बी वीजा के माध्यम से शिक्षकों की भर्ती से जुड़े उस मुद्दे पर आपसे फिर चर्चा करूंगी, जिसे मैंने पहले उठाया था।’’

भाषा गोला खारी

खारी