ज्ञानेश कुमार को जेल भेजें; महाराष्ट्र, प.बंगाल, तमिलनाडु में मतपत्रों से दोबारा चुनाव हों: उद्धव

Ads

ज्ञानेश कुमार को जेल भेजें; महाराष्ट्र, प.बंगाल, तमिलनाडु में मतपत्रों से दोबारा चुनाव हों: उद्धव

  •  
  • Publish Date - September 23, 2026 / 02:49 PM IST,
    Updated On - September 23, 2026 / 02:49 PM IST

मुंबई, 23 सितंबर (भाषा) शिवसेना (उबाठा) के प्रमुख उद्धव ठाकरे ने निर्वाचन आयोग के भीतर मतभेद सामने आने की खबरों का हवाला देते हुए बुधवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को जेल भेजने की मांग की।

संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए ठाकरे ने यह भी मांग की कि महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में हाल में हुए चुनावों को रद्द किया जाए और इन राज्यों में मतपत्रों का उपयोग करके दोबारा मतदान कराया जाए।

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘ज्ञानेश कुमार को तुरंत बर्खास्त किया जाना चाहिए और जेल में डाला जाना चाहिए।’

ठाकरे ने कहा, ‘मैं ज्ञानेश कुमार की पोल खोलने के लिए निर्वाचन आयुक्तों (ईसी) सुखबीर सिंह संधु और विवेक जोशी को धन्यवाद देता हूं।’

उन्होंने यह भी कहा कि अदालत को इस पूरे मामले का संज्ञान लेना चाहिए।

उद्धव ने कहा कि दोनों निर्वाचन आयुक्तों को आयोग द्वारा लिए गए सभी ‘गलत फैसलों’ को रद्द कर देना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘देश में लोकतंत्र को बचाने के लिए सभी विपक्षी दलों को एकजुट होना चाहिए।’

एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मतदाता सूचियों की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की शुरुआत के दौरान संधु और जोशी ने 10 महीनों में 14 बार निर्वाचन आयोग के कदमों पर आपत्ति जताई थी।

भाषा सुमित मनीषा

मनीषा