ठाणे, 23 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे शहर में बुधवार आधी रात के बाद एक तीन मंजिला आवासीय इमारत के मीटर बॉक्स वाले कक्ष में आग लग गई, जिससे 14 बिजली मीटर जलकर खाक हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कोपरी इलाके की पत्रकार सोसायटी में हुई इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि आग लगने की सूचना रात 12 बजकर 20 मिनट पर मिली, जिसके बाद दमकल कर्मी, आपातकालीन प्रतिक्रिया दल और बिजली आपूर्ति कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
तड़वी ने बताया, ‘तीन मंजिला पत्रकार सोसायटी के भूतल स्थित मीटर बॉक्स वाले कक्ष में आग लगी। इसमें कुल 14 बिजली मीटर पूरी तरह जल गए।’
उन्होंने बताया कि दमकलकर्मियों ने रात करीब एक बजे तक आग पर काबू पा लिया और उसे ऊपरी मंजिलों पर स्थित आवासीय हिस्सों तक फैलने से रोक दिया।
अधिकारी ने बताया कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
भाषा Intern संतोष
संतोष