पुणे, 19 मई (भाषा) पुणे के वडगांव बुद्रुक क्षेत्र की एक आवासीय सोसाइटी में सात वर्षीय बालक की लिफ्ट में फंसने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान निम्बज नगर में सिद्धि सोसाइटी निवासी शिवांश शैलेश धूत के रूप में हुई है।
पुलिस ने मंगलवार को बताया कि यह हादसा सोमवार को रात लगभग 10 बजे हुआ।
पुलिस ने बताया कि शिवांश सोसाइटी परिसर में खेलते-खेलते अकेले ही लिफ्ट में चला गया। जैसे ही लिफ्ट चालू हुई, शिवांश इसके लकड़ी से बने बाहरी दरवाजे और अंदर के लोहे के दरवाजे के बीच फंस गया।
एक अधिकारी ने बताया कि जब काफी देर तक बच्चा घर नहीं लौटा तो निवासियों ने उसे ढूंढना शुरू किया और बाद में वह लिफ्ट में फंसा मिला।
अग्निशमन विभाग के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे और बच्चे को बाहर निकाला। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस के एक अधिकारी विनायक पाटणकर ने बताया कि दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया है।
भाषा मनीषा
मनीषा