मराठवाड़ा के कई हिस्सों में कम बारिश के कारण चारे और पीने के पानी की किल्लत की आशंका: मंत्री

Ads

मराठवाड़ा के कई हिस्सों में कम बारिश के कारण चारे और पीने के पानी की किल्लत की आशंका: मंत्री

  •  
  • Publish Date - September 19, 2026 / 06:30 PM IST,
    Updated On - September 19, 2026 / 06:30 PM IST

नांदेड, 19 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के कृषि मंत्री दत्तात्रेय भरणे ने शनिवार को कहा कि कम बारिश और लंबे समय तक पड़े सूखे के कारण मराठवाड़ा क्षेत्र की 76 तहसीलों में फसलें प्रभावित हुई हैं तथा चारे एवं पीने के पानी की किल्लत की आशंका पैदा हो गई है।

भरणे ने कहा कि राज्य सरकार मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में सूखे जैसे हालात के बीच फसल नुकसान से प्रभावित किसानों को हरसंभव वित्तीय सहायता और मुआवजा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने नांदेड जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित एक बैठक में छत्रपति संभाजीनगर राजस्व संभाग के सभी आठ जिलों में सूखे जैसी स्थिति की समीक्षा की।

कृषि मंत्री ने प्रशासन को फसल कटाई के पूर्व के प्रयोगों को तेजी से और सटीक रूप से पूरा करने का निर्देश दिया ताकि अधिक से अधिक पात्र किसानों को फसल बीमा का लाभ मिल सके।

भरणे ने कहा, ‘कम बारिश और लंबे समय तक पड़े सूखे के कारण मराठवाड़ा के 76 तहसीलों में फसलें प्रभावित हुई हैं, साथ ही चारे और पीने के पानी की किल्लत की संभावना बन गई है।’

उन्होंने कहा कि प्रशासन को किसानों के साथ संवेदनशीलता से पेश आना चाहिए, उनकी समस्याओं को समझना चाहिए और उनकी चिंताओं को दूर करना चाहिए।

कृषि मंत्री ने कहा, ‘किसानों को वित्तीय सहायता देना सरकार की जिम्मेदारी है।’

उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीण इलाकों में पीने के पानी, चारे और निर्बाध बिजली आपूर्ति के पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने बताया कि महाराष्ट्र में 56 लाख किसानों को 40,385 करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया जाएगा।

बैठक के दौरान अधिकारियों को इस प्रक्रिया से जुड़ी दिक्कतों को दूर करने में किसानों की मदद करने के निर्देश दिए गए।

भाषा सुमित संतोष

संतोष