नागपुर, 19 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार की गिरफ्तारी के बाद भाजपा को निशाना बनाकर की गईं राहुल गांधी की टिप्पणियों की शनिवार को आलोचना की।
कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान की गिरफ्तारी से जुड़े सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को ‘पहले आत्म निरीक्षण करना चाहिए।”
पश्चिम बंगाल पुलिस के अनुसार, प्रधान को 2007 में नंदीग्राम में भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन के दौरान दंगा, हत्या व आपराधिक धमकी से संबंधित कम से कम चार मामलों के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया है।
नंदीग्राम में छह अक्टूबर को उपचुनाव होना है। पुलिस का कहना है कि एक लंबित वारंट पर अमल करते हुए प्रधान को गिरफ्तार किया गया है।
गांधी ने शुक्रवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था, ‘नंदीग्राम उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान की गिरफ्तारी कोई संयोग नहीं है — यह राजनीतिक प्रतिशोध है, लोकतंत्र की हत्या है।’
गांधी की पोस्ट के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने कहा, ‘मैं राहुल गांधी जी से पूछना चाहता हूं कि आपके उम्मीदवार को किन आरोपों में गिरफ्तार किया गया? क्या आप उन आरोपों का समर्थन करते हैं जिनके लिए उन्हें (प्रधान) गिरफ्तार किया गया? क्या इस तरह के अपराध के लिए किसी अपराधी को केवल इसलिए छोड़ दिया जाना चाहिए क्योंकि वह कांग्रेस नेता है? क्या इस देश में ऐसा हो सकता है? इसीलिए मुझे लगता है कि उन्हें (गांधी को) पहले आत्म निरीक्षण करना चाहिए।’
भाषा जोहेब माधव
माधव