शरद पवार को पुणे के अस्पताल से छुट्टी मिली, तीन-चार दिन आराम करने की सलाह: सुप्रिया सुले

शरद पवार को पुणे के अस्पताल से छुट्टी मिली, तीन-चार दिन आराम करने की सलाह: सुप्रिया सुले

शरद पवार को पुणे के अस्पताल से छुट्टी मिली, तीन-चार दिन आराम करने की सलाह: सुप्रिया सुले
Modified Date: February 14, 2026 / 06:33 pm IST
Published Date: February 14, 2026 6:33 pm IST

पुणे, 14 फरवरी (भाषा) सीने के संक्रमण के इलाज के लिए यहां एक निजी अस्पताल में भर्ती हुए राकांपा (शप) के अध्यक्ष शरद पवार को शनिवार दोपहर छुट्टी दे दी गई।

राज्यसभा सदस्य पवार (85) दोपहर करीब एक बजे अस्पताल से रवाना हुए।

पवार की बेटी और राकांपा (शप) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने कहा कि उन्हें तीन से चार दिन आराम करने की सलाह दी गई है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “वह घर पर आराम करेंगे और उसके बाद अपना दैनिक कामकाज फिर से शुरू करेंगे।”

पवार को इस सप्ताह की शुरुआत में सांस लेने में तकलीफ और लगातार खांसी की शिकायत के बाद पुणे जिले के बारामती में स्थित उनके आवास से यहां रूबी हॉल क्लिनिक लाया गया था।

सुले ने लिखा, “वह (पवार) स्वास्थ्य के बारे में पूछताछ करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हैं। साथ ही, वह रूबी हॉल क्लिनिक के चिकित्सकों, नर्सों और सहयोगी कर्मचारियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने उनका इलाज किया और देखभाल की।”

अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञ, अध्यक्ष और प्रबंध न्यासी डॉ. परवेज ग्रांट ने बताया कि पवार का स्वास्थ्य अब बेहतर है और उनकी सेहत में सुधार हो रहा है। उन्हें दिन में छुट्टी दे दी जाएगी।

डॉक्टर ने कहा, ‘‘चिकित्सकों की टीम ने उन्हें कुछ दिन तक पर्याप्त आराम करने की सलाह दी है, जिसके बाद वे धीरे-धीरे अपने नियमित कामकाज कर सकते हैं और सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल हो सकते हैं।’’

पवार के करीबी मित्र और सहयोगी विट्ठल माणियार ने कहा कि राकांपा (शप) प्रमुख अगले कुछ दिन तक पुणे में स्थित अपने निवास पर आराम करेंगे और उपचार पूरा होने पर संभवतः मुंबई जाएंगे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार को पूर्व में मुंह का कैंसर हुआ था।

भाषा जोहेब पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में