दिवंगत नेता अजित पवार के दोनों बेटों और शरद पवार के बीच हुई बैठक
दिवंगत नेता अजित पवार के दोनों बेटों और शरद पवार के बीच हुई बैठक
पुणे,चार फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के बेटे पार्थ और जय पवार तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) के प्रमुख शरद पवार के बीच बुधवार को बारामती में एक बंद कमरे में बैठक हुई। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि यह बैठक पवार परिवार के पैतृक शहर बारामती स्थित शैक्षणिक संस्थान ‘विद्या प्रतिष्ठान’ के परिसर में हुई और लगभग डेढ़ घंटे तक चली।
उन्होंने बताया कि बैठक के एजेंडे पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन चर्चा का मुख्य केंद्र राकांपा के दोनों गुटों का संभावित विलय और आगामी जिला परिषद चुनाव हो सकता है।
अजित पवार की 28 जनवरी को पुणे के बारामती में एक विमान हादसे में मृत्यु हो गई थी। उनके निधन के तीन दिन बाद यानी 31 जनवरी को उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार ने राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
अजित पवार के निधन के बाद शरद पवार और पार्टी के अन्य नेताओं ने यह दावा किया था कि दोनों गुटों के बीच विलय की वार्ता अंतिम चरण में थी और दिवंगत नेता ने पार्टी के विलय की घोषणा के लिए 12 फरवरी की तिथि निर्धारित की थी।
हालांकि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि अगर विलय की बातचीत वास्तव में प्रगति पर होती तो अजित पवार ने उनके साथ इसका बारे में जानकारी जरूर साझा की होती।
भाषा प्रचेता सुरेश
सुरेश

Facebook


