महाराष्ट्र: शरद पवार ने राकांपा (शप) सांसदों के जल्द पाला बदलने संबंधी दावों को खारिज किया

Ads

महाराष्ट्र: शरद पवार ने राकांपा (शप) सांसदों के जल्द पाला बदलने संबंधी दावों को खारिज किया

  •  
  • Publish Date - June 25, 2026 / 06:46 PM IST,
    Updated On - June 25, 2026 / 06:46 PM IST

पुणे, 25 जून (भाषा) राकांपा (शप) के प्रमुख शरद पवार और पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी का कोई भी सांसद प्रतिद्वंद्वी गुट में शामिल नहीं होगा।

राकांपा विधायक धर्मराव अत्राम ने दावा किया था कि शरद पवार की पार्टी के आठ में से पांच सांसद दिसंबर तक महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाले गुट में शामिल हो जाएंगे।

पवार, अत्राम के दावे पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।

शरद पवार ने पत्रकारों से कहा, “एक भी सांसद या विधायक पाला नहीं बदलेगा।” बारामती से लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले ने कहा कि राकांपा (शप) के सभी आठ सांसद पार्टी के साथ हैं।

उन्होंने कहा, “अत्राम को शायद ज्यादा जानकारी होगी। मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं है। हम आठों सांसद कल भी एकजुट थे, आज भी एकजुट हैं और कल भी एकजुट रहेंगे। अगर अत्राम के पास पांच सांसदों की सूची है तो उन्हें उनके नाम सार्वजनिक करने चाहिए।”

महाराष्ट्र में शरद पवार की पार्टी की सहयोगी शिवसेना (उबाठा) के छह सांसदों के एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना का दामन थामने के बाद अत्राम ने यह दावा किया था।

भाषा जितेंद्र

देवेंद्र

देवेंद्र