शिंदे ने जोखिम में भी महत्वपूर्ण क्षणों को कैमरे में कैद करने के लिए फोटो पत्रकारों की सराहना की
शिंदे ने जोखिम में भी महत्वपूर्ण क्षणों को कैमरे में कैद करने के लिए फोटो पत्रकारों की सराहना की
ठाणे, 18 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने फोटो पत्रकारों की सतर्कता की सराहना करते हुए कहा कि वे महत्वपूर्ण घटनाओं को कैमरे में कैद करने और लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने के लिए कठिन परिस्थितियों में अक्सर अपनी सुरक्षा भी दांव पर लगा देते हैं।
शिंदे ने विश्व फोटोग्राफी दिवस से पूर्व, सोमवार को ठाणे नगर निगम (टीएमसी) मुख्यालय में आयोजित फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद यह बात कही।
उन्होंने दृश्य माध्यम से कहानी कहने की ताकत को रेखांकित करते हुए कहा कि ‘‘एक तस्वीर हजार शब्द बोलती है।’’
शिंदे ने फोटो पत्रकारों की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे महत्वपूर्ण घटनाओं को दर्ज करने के लिए अपनी ‘‘तीसरी आंख’’ लगातार खुली रखते हैं और आपदा, मुश्किल परिस्थितियों तथा कोविड-19 महामारी के दौरान भी लोगों तक जानकारी पहुंचाने के लिए अपनी सुरक्षा जोखिम में डालते रहे हैं।
ठाणे में तेजी से हो रहे बुनियादी ढांचे के विकास का उल्लेख करते हुए शिंदे ने फोटोग्राफरों से शहर की संकरी गलियों से आधुनिक चौड़ी सड़कों में बदलने की यात्रा को तस्वीरों के जरिए दर्ज करने का आग्रह किया।
उन्होंने सुझाव दिया कि अगले वर्ष फोटो प्रदर्शनी की थीम ‘बदलता ठाणे’ रखी जाए, ताकि शहर के विकास का एक दृश्य ऐतिहासिक दस्तावेज तैयार किया जा सके।
इस कार्यक्रम का आयोजन ठाणे नगर निगम और ठाणे सिटी दैनिक पत्रकार संघ ने संयुक्त रूप से किया था।
कार्यक्रम से इतर शिंदे ने महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद की कक्षा चार की छात्रवृत्ति परीक्षा की मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले निगम के स्कूलों के 11 विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया।
भाषा राखी मनीषा
मनीषा

Facebook


