शिवसेना की शर्मिला पिंपलोलकर ठाणे की नई महापौर बनीं; भाजपा को उपमहापौर का पद मिला

शिवसेना की शर्मिला पिंपलोलकर ठाणे की नई महापौर बनीं; भाजपा को उपमहापौर का पद मिला

शिवसेना की शर्मिला पिंपलोलकर ठाणे की नई महापौर बनीं; भाजपा को उपमहापौर का पद मिला
Modified Date: February 3, 2026 / 06:42 pm IST
Published Date: February 3, 2026 6:42 pm IST

ठाणे, तीन फरवरी (भाषा) एकनाथ शिंदे-नीत शिवसेना की शर्मिला पिंपलोलकर मंगलवार को ठाणे की 23वीं महापौर निर्विरोध चुनी गईं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कृष्णा पाटिल उपमहापौर चुने गए।

इन पदों के लिए कोई अन्य नामांकन दाखिल नहीं किया गया, जिससे इनके निर्विरोध चुनाव का मार्ग प्रशस्त हुआ।

शिवसेना के एक नेता ने कहा, ‘‘महायुति गठबंधन के भीतर आंतरिक महत्वाकांक्षाओं को नियंत्रित करने के लिए, शिवसेना और भाजपा ने बारी-बारी से पद ग्रहण करने का विचार रखा है। जिसके तहत महापौर और उपमहापौर का कार्यकाल 15 महीने निर्धारित किया गया है।’’

उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था निर्वाचित सदस्यों को संतुष्ट करने के लिए की गई है, जिससे पूरे कार्यकाल में प्रत्येक पद पर चार अलग-अलग पार्षदों को सेवा करने का मौका मिलेगा।

नगर निगम का मुख्यालय उत्सव स्थल में तब्दील हो गया, जहां पारंपरिक मराठी पोशाक पहनी महिलाओं ने लेजिम नृत्य प्रस्तुत किया।

ठाणे महानगरपालिका के प्रवेश गलियारे के ऊपर छत्रपति शिवाजी महाराज की एक विशाल प्रतिमा स्थापित की गई, जिसने दर्शकों और अधिकारियों, दोनों का ध्यान आकर्षित किया।

इस बीच, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा), जिसके 131-सदस्यीय ठाणे नगर निगम में नौ पार्षद हैं, नये सदन में विपक्ष के नेता (एलओपी) का पद पाने के लिए दो विकल्पों पर विचार कर रही है।

महापौर और उपमहापौर के चुनाव के बाद मीडिया से बात करते हुए, राकांपा के वरिष्ठ पार्षद नजीब मुल्ला ने कहा कि उनकी पार्टी विपक्ष के नेता का पद पाने के लिए या तो अखिल भारतीय मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के साथ हाथ मिलाने के विकल्पों पर विचार कर रही है, जिसके नए सदन में पांच सदस्य हैं, या शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) के साथ जाने के विकल्पों पर विचार कर रही है, जिसके 12 पार्षद हैं।

मुल्ला ने दावा किया कि पुणे जिले के बारामती में 28 जनवरी को विमान दुर्घटना में अजित पवार की मृत्यु से पहले राकांपा अध्यक्ष अजित पवार के साथ इन दोनों विकल्पों पर चर्चा की गई थी।

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी ठाणे शहर के विकास के लिए काम करेगी और स्थानीय निवासियों के जीवन को बेहतर बनाने वाली परियोजनाओं का समर्थन करेगी।

ठाणे नगर निगम में शिवसेना सबसे बड़ी पार्टी है, जिसके पास 75 पार्षद हैं। इसकी सहयोगी भाजपा के पास 28 सीट हैं। शेष सीट पर राकांपा (शप), राकांपा, एआईएमआईएम, शिवसेना (उबाठा) और एक निर्दलीय उम्मीदवार का कब्जा है, जो शिवसेना का समर्थन कर रहा है।

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में