पुणे, 19 फरवरी (भाषा) पुणे के शिवनेरी किले में बृहस्पतिवार तड़के भारी भीड़ के बीच धक्का-मुक्की के कारण तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि शिवनेरी किले में मराठा राजा छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती मनाने के लिए हजारों लोग इकट्ठा हुए थे।
पुलिस ने बताया कि यह घटना तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुई जब मशाल लिया हुआ एक समूह जुन्नार तहसील में मीना दरवाजा के पास स्थित किले से नीचे उतर रहा था।
पुणे ग्रामीण पुलिस अधीक्षक (एसपी) संदीप सिंह गिल ने बताया, ‘‘भारी भीड़ के बीच एक समूह मशाल लेकर तेजी से किले से नीचे आ रहा था। वहां मौजूद हमारी पुलिस टीम ने उन्हें धीमा चलने की सलाह दी।’’
उन्होंने बताया, ‘‘इसी दौरान ऊपर से किसी ने एक व्यक्ति को धक्का दे दिया जिसके बाद समूह के चार-पांच लोग गिर गए। तीन लोगों को पैरों में चोटें आईं।’’
अधिकारी ने बताया कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत घायलों की सहायता की और लोगों की आवाजाही सुचारू रूप से जारी रखने का प्रबंध किया।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है और अब लोगों की आवाजाही सुचारू रूप से जारी है।’’
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस आज छत्रपति शिवाजी महाराज को श्रद्धांजलि देने के लिए किले का दौरा करेंगे। महान मराठा योद्धा शिवाजी का जन्म 19 फरवरी, 1630 को पुणे जिले के शिवनेरी किले में हुआ था।
भाषा सुरभि अमित
अमित