सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे की सेहत में हो रहा सुधार, सभी जांच रिपोर्ट सामान्य

Ads

सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे की सेहत में हो रहा सुधार, सभी जांच रिपोर्ट सामान्य

  •  
  • Publish Date - September 2, 2026 / 10:21 PM IST,
    Updated On - September 2, 2026 / 10:21 PM IST

मुंबई, दो सितंबर (भाषा) मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे के स्वास्थ्य में सुधार हुआ है और उनकी सभी जांच रिपोर्ट सामान्य आई हैं। उनके एक करीबी सहयोगी ने बुधवार शाम को यह जानकारी दी।

हजारे की रक्त जांच रिपोर्ट में गुर्दे के संक्रमण का संकेत मिलने के बाद सोमवार रात दक्षिण मुंबई के बॉम्बे अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

सहयोगी ने बताया, ‘चिकित्सकों ने आज नियमित जांच के तहत हजारे का परीक्षण किया और हमें सूचित किया कि उनकी सभी रिपोर्ट सामान्य हैं। चिंता की कोई बात नहीं है।’

उनके मुताबिक, हजारे की सेहत में सुधार हो रहा है और चिकित्सकों ने उन्हें अस्पताल में इलाज के दौरान अधिक आराम करने की सलाह दी है।

सहयोगी ने कहा कि 89 वर्षीय कार्यकर्ता अब चिकित्सकों की सलाह पर उचित आहार ले रहे हैं। वह अभी दो और दिनों तक अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में रहेंगे।

चिकित्सक डॉ. गौतम भंसाली ने मंगलवार को बताया था कि हजारे की हालत स्थिर है और वह धीरे-धीरे स्वस्थ हो रहे हैं।

सेना में सेवा देने के बाद सामाजिक कार्यकर्ता बने हजारे को पद्म भूषण से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने पिछले कई वर्षों में ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने, सरकारी कामकाज में पारदर्शिता बढ़ाने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए कई आंदोलनों का नेतृत्व किया है।

भाषा प्रचेता माधव

माधव