मुंबई, चार मई (भाषा) कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने सोमवार को दावा किया कि दक्षिण भारत के मतदाताओं ने भारतीय जनता पार्टी की ‘‘विभाजनकारी और जहरीली विचारधारा’’ के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व को भी खारिज कर दिया है।
पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों के परिणामों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, सपकाल ने आरोप लगाया कि भाजपा ने चुनाव जीतने के लिए ‘‘सभी प्रकार के, अच्छे और बुरे साधनों’’ का इस्तेमाल किया, लेकिन दक्षिणी राज्यों में प्रभाव डालने में विफल रही।
भाजपा पश्चिम बंगाल में जीत हासिल करने और असम में सत्ता बरकरार रखने की स्थिति में है। उसने केरल में तीन सीटें जीती हैं, जबकि पुडुचेरी में वह सत्तारूढ़ गठबंधन का हिस्सा है।
कांग्रेस नेता ने दावा किया, ‘‘दक्षिण भारत की जनता ने भाजपा की विभाजनकारी और विषैली विचारधारा के साथ-साथ नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व को भी नकार दिया है। पश्चिम बंगाल में मोदी सरकार ने निर्वाचन आयोग जैसी संस्थाओं के समर्थन से सभी नियमों और परंपराओं का उल्लंघन किया। दबाव बनाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों और सुरक्षा बलों का इस्तेमाल किया गया।’’
केरल का जिक्र करते हुए सपकाल ने कहा कि राज्य में कांग्रेस की जीत लोकतंत्र और संविधान की जीत है।
भाषा शफीक रंजन
रंजन