पुणे, 18 मई (भाषा) महाराष्ट्र के नसरापुर गांव में एक बच्ची से दुष्कर्म और हत्या मामले की दैनिक आधार पर सुनवाई करने के लिए पुणे में एक विशेष अदालत का गठन किया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि यह कदम बंबई उच्च न्यायालय के निर्देश पर उठाया गया है और मामले की दैनिक सुनवाई 21 मई से शुरू होगी।
अधिकारियों के मुताबिक, सुनवाई जिला न्यायाधीश-6 और विशेष सत्र न्यायाधीश एसआर सालुंखे के समक्ष कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच की जाएगी।
पुणे जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र के नसरापुर गांव में चार साल की एक बच्ची की बलात्कार के बाद हत्या किए जाने का मामला सामने आने के बाद पूरे राज्य में आक्रोश फैल गया था। पुलिस ने मामले में आपराधिक पृष्ठभूमि वाले 65 वर्षीय श्रमिक भीमराव प्रभाकर कांबले के खिलाफ दो मई को प्राथमिकी दर्ज की थी।
अभियोजन पक्ष की ओर से सुनवाई की शुरुआत में अदालत की निगरानी में अपराध स्थल के निरीक्षण के अनुरोध वाला आवेदन दायर किए जाने की संभावना है।
विशेष लोक अभियोजक अजय मिसर ने कहा कि अभियोजन पक्ष मुकदमे का शीघ्र निपटारा करने और आरोपी को कड़ी सजा देने का अनुरोध करेगा।
मिसर ने कहा, “हमने 14 दिन के भीतर आरोपपत्र दाखिल कर दिया है और यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे कि कानून के अनुसार मुकदमे की सुनवाई कम से कम समय में पूरी हो जाए।”
भाषा पारुल दिलीप
दिलीप