स्टैंड-अप कॉमेडियन कामरा ने मखौल उड़ाया था, न कि बेअदबी की : राउत

Ads

स्टैंड-अप कॉमेडियन कामरा ने मखौल उड़ाया था, न कि बेअदबी की : राउत

  •  
  • Publish Date - April 10, 2026 / 05:28 PM IST,
    Updated On - April 10, 2026 / 05:28 PM IST

मुंबई, 10 अप्रैल (भाषा)शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने शुक्रवार को स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने केवल तंज कसते हुए नकल उतारी, न कि बेअदबी की है।

कामरा को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर व्यंग्यात्मक गीत बनाने के लिए विशेषाधिकार हनन का नोटिस जारी किया गया है।

राउत महाराष्ट्र विधानमंडल की विशेषाधिकार समिति के समक्ष कामरा की पेशी से संबंधित एक प्रश्न का उत्तर दे रहे थे।

शिवसेना (उबाठा) के नेता ने कहा, ‘‘ कुणाल कामरा एक स्टैंड-अप कॉमेडियन हैं जो अच्छी पटकथा, गीत और व्यंग्य लिखते हैं। उन्होंने विदम्बना (हंसी उड़ाई) की, न कि विटंबना (बेअदबी) की।”

कामरा बृहस्पतिवार को विधान मंडल की विशेषाधिकार समिति के समक्ष पेश हुए और कहा कि शिंदे को निशाना बनाकर उनके द्वारा की गई टिप्पणियों को लेकर उन्हें कोई पछतावा नहीं है और न ही वह माफी मांगेंगे।

राउत ने कहा कि ऐसे मुद्दे पर तनाव पैदा करना और विशेषाधिकार समिति के संसाधनों को बर्बाद करना सही नहीं है।

उन्होंने कहा कि कामरा ने एक व्यंग्य गीत की रचना की, जो प्रख्यात कवि, लेखक और पत्रकार प्रल्हाद केशव अत्रे, जिन्हें आचार्य अत्रे के नाम से जाना जाता है, की ओर से रचित गीतों के समान था।

कामरा ने पिछले साल मुंबई में एक प्रस्तुति के दौरान उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना में चल रही उथल-पुथल को इंगित करने के लिए फिल्म ‘दिल तो पागल है’ के एक हिंदी गाने के संशोधित संस्करण का इस्तेमाल किया था।

शिंदे ने जून 2022 में ठाकरे के नेतृत्व के खिलाफ बगावत कर दी थी और बड़ी संख्या में विधायकों के साथ अलग होने की वजह से पार्टी टूट गई थी और तत्कालीन महा विकास आघाडी (एमवीए) सरकार गिर गई थी।

इससे पहले, विशेषाधिकार समिति के अध्यक्ष प्रसाद लाड ने कहा था कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधान परिषद सदस्य प्रवीण दरेकर ने कामरा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

भाषा धीरज पवनेश

पवनेश