कांग्रेस की ‘गूंगी गुड़िया’ टिप्पणी पर सुनेत्रा पवार ने कहा, ‘उचित समय पर दूंगी करारा जवाब’

Ads

कांग्रेस की 'गूंगी गुड़िया' टिप्पणी पर सुनेत्रा पवार ने कहा, 'उचित समय पर दूंगी करारा जवाब'

  •  
  • Publish Date - August 4, 2026 / 10:26 PM IST,
    Updated On - August 4, 2026 / 10:26 PM IST

मुंबई, चार अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने कांग्रेस की ओर से की गई ‘गूंगी गुड़िया’ टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए मंगलवार को कहा कि वह ‘उचित समय आने पर करारा जवाब देंगी।’

कांग्रेस की आलोचना के बारे में पूछे जाने पर पवार ने संवाददाताओं से कहा, ‘जब समय आएगा, मैं करारा जवाब दूंगी।’

सुनेत्रा पवार की यह संक्षिप्त प्रतिक्रिया महाराष्ट्र कांग्रेस की एक सोशल मीडिया पोस्ट के बाद शुरू हुए राजनीतिक विवाद के बीच आई, जिसमें उन्हें ‘गूंगी गुड़िया’ कहा गया था। इस टिप्पणी की सत्तारूढ़ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और उसके गठबंधन सहयोगियों ने तीखी आलोचना की।

राकांपा के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल समेत पार्टी नेताओं ने इस टिप्पणी की निंदा करते हुए इसे अपमानजनक करार दिया।

पटेल ने एक बयान में कहा कि राकांपा सुनेत्रा पवार के खिलाफ इस्तेमाल की गई ‘अपमानजनक भाषा’ की कड़ी निंदा करती है। उन्होंने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज, छत्रपति शाहू महाराज, महात्मा ज्योतिबा फुले, डॉ. बी आर आंबेडकर और यशवंतराव चव्हाण के प्रगतिशील विचारों का अनुसरण करने वाला महाराष्ट्र महिलाओं के अपमान को कभी स्वीकार नहीं करेगा।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है कि कांग्रेस ने ऐसी भाषा का इस्तेमाल एक महिला नेता के खिलाफ किया, जबकि उसकी अगुवाई सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा जैसी महिला नेताओं ने की है।

पटेल ने कांग्रेस से तत्काल पोस्ट हटाने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की राजनीति में किसी भी परिस्थिति में महिलाओं का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

यह विवाद उस समय और बढ़ गया, जब राकांपा कार्यकर्ताओं का एक समूह मुंबई स्थित कांग्रेस के गांधी भवन कार्यालय में पहुंचा और इस पोस्ट के विरोध में प्रदर्शन किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने राकांपा के रुख की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों का इरादा हिंसा करने का था और भाजपा तथा पुलिस पर इस कार्रवाई को समर्थन देने का आरोप लगाया। हालांकि, उन्होंने कहा कि उकसावे के बावजूद कांग्रेस महात्मा गांधी के अहिंसा के मार्ग पर चलती रहेगी।

भाषा अमित पवनेश

पवनेश