सुनेत्रा पवार बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगी
सुनेत्रा पवार बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगी
मुंबई, तीन अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी राकांपा) की अध्यक्ष सुनेत्रा पवार पुणे जिले की बारामती विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए छह अप्रैल को अपना नामांकन दाखिल करेंगी। पार्टी के सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
सुनेत्रा पवार के पति और उपमुख्यमंत्री अजित पवार की इसी वर्ष विमान दुर्घटना में हुई मौत के कारण यह उपचुनाव कराया जा रहा है।
उपचुनाव 23 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा।
सुनेत्रा वर्तमान में राज्यसभा सदस्य हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, सुनेत्रा के नामांकन दाखिल करने के समय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के उपस्थित रहने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया बारामती में एक जनसभा के बाद पूरी की जाएगी।
अपने गृह क्षेत्र बारामती से आठ बार विधायक रहे अजित पवार की 28 जनवरी को बारामती हवाई पट्टी के पास विमान दुर्घटना में मौत हो गयी थी।
वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में अजित पवार ने बारामती सीट 1.65 लाख वोटों के भारी अंतर से जीती थी। वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने अपने भाई के बेटे युगेंद्र पवार को एक लाख से अधिक वोटों के अंतर से हराकर सीट बरकरार रखी।
जहां शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने बारामती में आगामी उपचुनाव न लड़ने की घोषणा की है, वहीं उसकी सहयोगी कांग्रेस ने कहा है कि वह चुनाव को निर्विरोध नहीं होने देगी।
सुनेत्रा पवार ने 31 जनवरी को राज्य की उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली और 26 फरवरी को सर्वसम्मति से राकांपा की अध्यक्ष चुनी गईं।
बारामती के अलावा, अहिल्यानगर जिले की एक और विधानसभा सीट राहुरी पर भी 23 अप्रैल को उपचुनाव होंगे।
यह उपचुनाव भाजपा विधायक शिवाजी कर्डिले के निधन के बाद कराया जा रहा है।
भाषा
राखी नरेश
नरेश

Facebook


