टीसीएस नासिक उत्पीड़न मामला: आरोपी निदा खान को 11 मई तक पुलिस हिरासत में भेजा गया
टीसीएस नासिक उत्पीड़न मामला: आरोपी निदा खान को 11 मई तक पुलिस हिरासत में भेजा गया
नासिक, आठ मई (भाषा) नासिक की एक अदालत ने शुक्रवार को यहां टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) में यौन उत्पीड़न और धार्मिक दबाव मामले की आरोपी निदा खान को 11 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
टीसीएस की कर्मचारी रही निदा खान को बृहस्पतिवार को छत्रपति संभाजीनगर से गिरफ्तार किया गया था। मामला सामने आने के बाद से वह फरार थी।
उसे शुक्रवार को यहां नासिक रोड अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने मामले की पूरी जांच के लिए उसकी हिरासत की मांग की।
पुलिस की अर्जी स्वीकार करते हुए अदालत ने उसे 11 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
अदालत ने दो मई को, उसे अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया था और कहा था कि ऐसा लगता है कि ‘संगठित कोशिशों’ के माध्यम से पीड़ितों का ‘ब्रेनवॉश करने की सुनियोजित योजना’ थी।
अदालत ने उस समय कहा था कि ‘‘अपराध की गंभीरता सच में बहुआयामी और बहुस्तरीय है’’ और मामले की जड़ तक जाने के लिए हिरासत में पूछताछ ज़रूरी है।
नासिक पुलिस का विशेष जांच दल (एसआईटी) आईटी कंपनी की नासिक इकाई में छेड़छाड़ और उत्पीड़न के नौ मामलों की जांच कर रहा है।
टीसीएस में महिला कर्मचारियों के शोषण, ज़बरदस्ती धर्म परिवर्तन की कोशिश, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, छेड़छाड़ और मानसिक उत्पीड़न के आरोप सामने आने के बाद नौ प्राथमिकी दर्ज की गई थीं और एक महिला ऑपरेशन्स मैनेजर समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया था।
टीसीएस ने साफ किया है कि उसने लंबे समय से किसी भी तरह के उत्पीड़न और जबरदस्ती के प्रति कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाई है, और नासिक दफ्तर में कथित तौर पर यौन उत्पीड़न में शामिल कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है।
भाषा वैभव दिलीप
दिलीप

Facebook


