ठाणे, 30 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले के एक व्यक्ति को रूस में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे 2.92 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, 38 वर्षीय शिकायतकर्ता बदलापुर (पूर्व) का निवासी है और पेशे से बढ़ई है। आरोपियों ने उसे एक ट्रैवल कंपनी के माध्यम से रूस के एक मॉल में नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया था।
उन्होंने पासपोर्ट, वीजा और हवाई टिकट सहित रोजगार वीजा उपलब्ध कराने का वादा किया और नवंबर 2025 से इस साल जनवरी के बीच उससे कुल 2.92 लाख रुपये ले लिए।
भिवंडी थाने के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘शिकायतकर्ता को रोजगार वीजा के बजाय अस्थायी वीजा पर विदेश भेज दिया गया।’’
अधिकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने बताया कि रूस पहुंचने के बाद उससे कड़ा श्रम कराया गया, लेकिन वादे के अनुसार नौकरी नहीं दी गई। साथ ही, आरोपियों ने उससे ली गई रकम भी वापस नहीं की।
उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर दो पुरुषों और एक महिला के खिलाफ शनिवार को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और मामले में संबंधित ट्रैवल कंपनी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
भाषा प्रचेता शोभना
शोभना