Reported By: Jitendra Kumar Goutam
,Damoh Viral Video/Image Credit: IBC24 File
Damoh Viral Video: दमोह के प्रसिद्ध तीर्थ क्षेत्र बांदकपुर धाम में आयोजित कॉरिडोर निर्माण की समीक्षा बैठक उस समय विवादों में घिर गई, जब कलेक्टर प्रताप नारायण यादव की मौजूदगी में ही सरपंच और शिव भक्तों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। देखते ही देखते मामला गाली-गलौज तक पहुंच गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, बुंदेलखंड के प्रसिद्ध तीर्थ क्षेत्र बांदकपुर धाम में निर्माणाधीन श्री जागेश्वर नाथ लोक कॉरिडोर की समीक्षा बैठक के दौरान जमकर हंगामा देखने को मिला।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक (Damoh Viral Video) में श्री जागेश्वर नाथ भक्त मंडल और स्थानीय सरपंच सुनील डवुल्या के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान भक्त मंडल के सदस्यों ने कॉरिडोर क्षेत्र में किसी भी प्रकार के पट्टे वितरण पर रोक लगाने, संस्कृत विद्यालय को अस्थायी रूप से अन्यत्र संचालित करने, पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण कराने तथा बांदकपुर में स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने जैसी मांगें रखीं। वही इसी दौरान स्थानीय सरपंच सुनील डवुल्या ने समिति के सदस्यों कृष्णा पटैल और शंकर गौतम पर आपत्ति जताते हुए उन्हें “दलाल” कह दिया। इस टिप्पणी के बाद बैठक का माहौल गरमा गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ता देख मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
भक्त मंडल के सदस्यों का आरोप है कि वे केवल भगवान जागेश्वर नाथ धाम (Damoh Viral Video) को भव्य और दिव्य स्वरूप देने की मांग कर रहे हैं, जबकि सरपंच अपने कथित अतिक्रमण को बचाने के लिए ग्रामीणों को गुमराह कर रहे हैं। वहीं इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल बैठक में हुए इस विवाद को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पूरे मामले में क्या रुख अपनाता है।