ठाणे, दो जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र में ठाणे जिले के मुंब्रा इलाके में स्थित हाउसिंग सोसाइटी के द्वार पर जमा बारिश के पानी से होकर गुजरते समय 17 साल की एक लड़की की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि पुलिस ने कथित लापरवाही के लिए ‘टोरेंट पावर लिमिटेड’ के अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
उन्होंने बताया कि यह घटना बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे हुई, जब कौसा के कदर पैलेस स्थित यास्मीन अपार्टमेंट की रहने वाली आलिया मोहम्मद साजिद चांदीवाबिला अपने घर से बाहर निकली।
अधिकारी ने बताया कि आलिया जैसे ही इमारत के मुख्य द्वार के पास पहुंची, उसे जोरदार बिजली का करंट लगा और वह वहीं गिर पड़ी। ऐसा प्रतीत होता है कि बिजली के तार से पानी में करंट आने से यह हादसा हुआ।
उन्होंने बताया कि आलिया को तुरंत पास के बिलाल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि उन्होंने वोल्टेज में उतार-चढ़ाव को लेकर ‘टोरेंट पावर’ से बार-बार शिकायतें की थीं।
अधिकारी ने बताया कि मुंब्रा पुलिस ने ‘टोरेंट पावर’ के कर्मचारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106 (1) (लापरवाही से मौत का कारण बनना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है और जांच जारी है।
भाषा
शुभम धीरज
धीरज